लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने PRD स्वयंसेवकों का दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन कर दिया है। इस फैसले के बाद जवानों को हर ड्यूटी वाले दिन 100 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। बढ़े हुए भत्ते के संबंध में 18 सितंबर 2026 को शासनादेश जारी कर दिया गया है और नई व्यवस्था शासनादेश जारी होने की तारीख से प्रभावी मानी गई है।
अगले महीने से मिलेगा बढ़ा हुआ भत्ता
शासनादेश जारी होने के बाद अब PRD जवानों को अगले महीने से बढ़े हुए भत्ते के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। यानी 500 रुपये के बजाय उन्हें ड्यूटी के लिए 600 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे। अगर कोई PRD स्वयंसेवक पूरे 30 दिन ड्यूटी करता है, तो पहले 500 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से उसे 15,000 रुपये मिलते थे। अब 600 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से यह राशि 18,000 रुपये होगी। यानी 30 दिन की ड्यूटी पर 3,000 रुपये प्रतिमाह अधिक मिलेंगे।
27,794 सक्रिय जवानों को सीधा लाभ
इस बढ़ोतरी का लाभ वर्तमान में कार्यरत 27,794 PRD स्वयंसेवकों को मिलेगा। प्रदेश में PRD के लिए 87,255 स्वयंसेवक स्वीकृत हैं, जबकि पोर्टल पर 31,130 स्वयंसेवक पंजीकृत बताए गए हैं। भत्ता बढ़ाने से राज्य सरकार पर करीब 101.44 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वार्षिक वित्तीय भार आएगा।
परिवार को भी 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज
सिर्फ भत्ते में बढ़ोतरी ही नहीं, सरकार ने PRD जवानों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों के लिए मुख्यमंत्री PRD कैशलेस चिकित्सा योजना को भी मंजूरी दी है। इसके तहत पात्र PRD जवानों और उनके आश्रितों को प्रति परिवार सालाना 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। योजना का लाभ उन स्वयंसेवकों को मिलेगा जिन्होंने संबंधित वित्तीय वर्ष में कम से कम तीन महीने ड्यूटी की हो।
इस योजना का संचालन स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (SACHIS) के माध्यम से किया जाएगा। हालांकि, जो जवान या उनके आश्रित पहले से आयुष्मान भारत या किसी अन्य संबंधित सरकारी स्वास्थ्य योजना से कवर हैं, उन्हें इस योजना में शामिल नहीं किया जाएगा।
पहले भी बढ़ाया जा चुका है भत्ता
PRD जवानों के दैनिक भत्ते में पिछले कुछ वर्षों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। आंकड़ों के मुताबिक 8 मार्च 2019 को भत्ता 250 से बढ़ाकर 375 रुपये, फिर 6 जनवरी 2022 को 395 रुपये और 16 अप्रैल 2025 को 500 रुपये किया गया था। अब इसे बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है।
कानून-व्यवस्था से लेकर आपदा ड्यूटी तक में भूमिका
PRD स्वयंसेवक पुलिस और प्रशासन के साथ कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, चुनाव ड्यूटी, धार्मिक आयोजनों और बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों में सहयोग करते हैं। इसके अलावा बाढ़ राहत और अन्य आपदा संबंधी कार्यों में भी उनकी ड्यूटी लगाई जाती है।
