लखनऊ: उत्तर प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया है। लखनऊ, नोएडा और गोरखपुर में 152 टीमों ने कुल 233 फास्ट फूड चेन, रेस्टोरेंट, फूड कोर्ट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई जगह खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। कमियां मिलने पर 163 सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ लाइसेंस निलंबन और कारोबार बंद कराने की कार्रवाई भी की गई।
लखनऊ में 78 प्रतिष्ठानों की जांच
लखनऊ में खाद्य सुरक्षा विभाग की 52 टीमों ने 78 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां कुल 42 सुधार नोटिस जारी किए गए। जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के रखरखाव, साफ-सफाई, कच्चे और पके भोजन को अलग-अलग रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन में कमियां सामने आईं। कुछ जगहों पर ड्रेनेज और हाइजीन की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। निरीक्षण में चूहों की मौजूदगी और खाद्य पदार्थों के दूषित होने की स्थिति सामने आने पर कार्रवाई की गई। कुछ प्रतिष्ठानों में दीवारों और खाद्य पदार्थों पर फंगस भी पाया गया।
नोएडा में रसोई की व्यवस्था पर सवाल
नोएडा में 57 टीमों ने 71 प्रतिष्ठानों की जांच की। यहां भी 42 सुधार नोटिस जारी किए गए। कुछ रसोइयों में फंगस, चूहों की मौजूदगी, गंदगी, एक्सपायर्ड नॉनवेज और अस्वच्छ परिस्थितियां मिलीं। इसके अलावा खाद्य पदार्थों को निर्धारित तापमान पर नहीं रखने, कच्चे और पके भोजन को साथ रखने, गंदे बर्तनों और खाद्य सामग्री के अनुचित भंडारण जैसी कमियां भी दर्ज की गईं। गंभीर कमियां पाए जाने पर नोएडा के 13 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू की गई है। विभागीय कार्रवाई के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गोरखपुर में 84 प्रतिष्ठानों की जांच
गोरखपुर में 43 टीमों ने 84 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां जांच के दौरान 79 सुधार नोटिस जारी किए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन प्रतिष्ठानों में कमियां पाई गई हैं, उन्हें निर्धारित समय में सुधार करने के निर्देश दिए जाएंगे। तय अवधि में कमियां दूर नहीं करने पर लाइसेंस निलंबन, निरस्तीकरण और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
खाद्य कारोबारियों को दिए गए निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कारोबारियों को रसोई और परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, सुरक्षित तरीके से खाद्य सामग्री रखने, वैध लाइसेंस रखने और गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कच्चे और पके भोजन को अलग रखने तथा खाद्य पदार्थों को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया गया है।
आगे भी जारी रहेगी जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग रेस्टोरेंट, फास्ट फूड चेन और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमों के पालन की जांच को लेकर सक्रिय है। विभाग के अनुसार, उपभोक्ताओं की सुरक्षा से जुड़े मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
