जमुई: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा से बदसलूकी के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव की पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपी की ओर से फायरिंग की गई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। बिहार पुलिस के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने पुलिस कार्रवाई की पुष्टि की है।
मुठभेड़ में मुख्य आरोपी घायल, अस्पताल में भर्ती
जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित बदसलूकी के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी नंदन यादव को पकड़ने के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। नंदन यादव के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल भेजा गया। इस मामले में पुलिस ने वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की थी। पुलिस के मुताबिक, मामले में करीब सात लोगों की पहचान हुई है और शुरुआती कार्रवाई में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल यानी SIT का गठन भी किया गया है।
नाबालिग का वीडियो शेयर करने वालों पर भी कार्रवाई
जमुई मामले में पुलिस ने सिर्फ घटना में शामिल आरोपियों पर ही कार्रवाई नहीं की है, बल्कि नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू की है। पुलिस के अनुसार, करीब 120 सोशल मीडिया प्रोफाइल/अकाउंट संचालकों के खिलाफ साइबर थाने में FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि इन अकाउंट्स के जरिए नाबालिग की पहचान उजागर करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नाबालिग पीड़िता से संबंधित वीडियो को डाउनलोड, शेयर या रीपोस्ट न करें। पुलिस के अनुसार, नाबालिग की पहचान उजागर करना और ऐसे संवेदनशील वीडियो को प्रसारित करना कानून के तहत दंडनीय है।
वायरल वीडियो के बाद तेज हुई जांच
जमुई में हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की थी। पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रही घटनाओं और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। इसके बाद गिरफ्तारियां की गईं और फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की गई।
