नई दिल्ली : चुनाव आयोग के खिलाफ INDIA गठबंधन के नेताओं का मंगलवार को दिल्ली में प्रदर्शन हुआ। विपक्षी सांसद संसद के मकर द्वार से चुनाव आयोग के मुख्यालय निर्वाचन सदन की ओर मार्च कर रहे थे। रास्ते में दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड लगाकर मार्च को रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी सांसद सड़क पर बैठ गए और विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव और अन्य विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाए। विपक्ष की प्रमुख मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया को वापस लेने की है।

बैरिकेड के पास बढ़ा तनाव
मार्च को आगे बढ़ने से रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारी सांसद बैरिकेड के पास बैठ गए। इस दौरान राहुल गांधी बैरिकेड पर चढ़कर तिरंगा लहराते नजर आए। कुछ विपक्षी नेताओं ने भी बैरिकेड पार करने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया और उन्हें बसों में ले जाया गया।

आकाशवाणी भवन तक पहुंचे राहुल-प्रियंका
मार्च को चुनाव आयोग कार्यालय की ओर आगे बढ़ने से रोक दिए जाने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा आकाशवाणी भवन परिसर तक पहुंचे। दोनों ने वहां धरना दिया और चुनाव आयोग के मुख्यालय तक पहुंचने की कोशिश की। निर्वाचन सदन आकाशवाणी भवन के पास ही स्थित है।
विपक्ष की क्या मांग है?
INDIA गठबंधन के नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल हैं। विपक्ष SIR को वापस लेने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। दूसरी ओर, चुनाव आयोग और सरकार विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए SIR को मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया बता रहे हैं।
दिल्ली में प्रदर्शन के मद्देनजर संसद, आकाशवाणी भवन और चुनाव आयोग कार्यालय के आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई। बैरिकेडिंग के कारण मध्य दिल्ली के कई हिस्सों में आवाजाही भी प्रभावित हुई।
