नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस के अवसर पर आयोजित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत जारी इस सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। लखनऊ को 198 अंक प्राप्त हुए, जबकि मध्य प्रदेश का इंदौर 197 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। मध्य प्रदेश का जबलपुर 195 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। वहीं भोपाल और आगरा को 192-192 अंक प्राप्त हुए, जिससे दोनों शहर संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहे। गुजरात का सूरत 191 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहा।
नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने विजेता शहरों को सम्मानित किया। सर्वेक्षण का उद्देश्य देश के शहरों में वायु प्रदूषण को कम करने और स्वच्छ हवा के लिए किए जा रहे प्रयासों को बढ़ावा देना है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण के तहत शहरों का मूल्यांकन वायु गुणवत्ता में सुधार, सड़क की धूल पर नियंत्रण, निर्माण गतिविधियों से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम, हरित क्षेत्र विस्तार, कचरा प्रबंधन और नागरिक सहभागिता जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर किया जाता है। इस सर्वेक्षण का उद्देश्य शहरों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना और स्थानीय निकायों को बेहतर पर्यावरणीय प्रबंधन के लिए प्रोत्साहित करना है।
लखनऊ का पहले स्थान पर पहुंचना उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। हाल के वर्षों में शहर में प्रदूषण नियंत्रण, हरित क्षेत्रों के विकास और स्वच्छ वायु अभियान के तहत किए गए प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है। वहीं इंदौर और जबलपुर ने भी लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए शीर्ष शहरों में अपनी जगह बनाए रखी है।
10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में टॉप रैंकिंग
पहला स्थान: लखनऊ (उत्तर प्रदेश) – 198 अंक
दूसरा स्थान: इंदौर (मध्य प्रदेश) – 197 अंक
तीसरा स्थान: जबलपुर (मध्य प्रदेश) – 195 अंक
संयुक्त चौथा स्थान: भोपाल (मध्य प्रदेश) – 192 अंक
संयुक्त चौथा स्थान: आगरा (उत्तर प्रदेश) – 192 अंक
पांचवां स्थान: सूरत (गुजरात) – 191 अंक
