कानपुर : खाद्य सुरक्षा विभाग ने फजलगंज स्थित पुरुषाना फूड प्रोडक्ट्स पर छापेमारी कर लाइसेंस की निर्धारित श्रेणी से अलग खाद्य पदार्थ की पैकिंग पाए जाने पर खाद्य कारोबार को अग्रिम आदेशों तक बंद करा दिया। कार्रवाई के दौरान तीन नमूने जांच के लिए लिए गए और 5.88 लाख रुपये से अधिक मूल्य का तैयार माल एवं कच्चा माल सीज किया गया। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फजलगंज में छापेमारी, कारोबार कराया बंद
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी कानपुर नगर के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) के नेतृत्व में गठित टीम ने गुरुवार को फजलगंज स्थित पुरुषाना फूड प्रोडक्ट्स का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रोपराइटरी एडिबल फैट की पैकिंग लाइसेंस की निर्धारित श्रेणी के अनुरूप नहीं पाई गई। इस पर विभाग ने प्रतिष्ठान का खाद्य कारोबार अग्रिम आदेशों तक बंद करा दिया।
तीन नमूने जांच के लिए भेजे गए
निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर प्रोपराइटरी एडिबल फैट के तीन नमूने संग्रहित किए गए। विभाग ने बताया कि इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, ताकि उत्पाद की गुणवत्ता और मानकों की जांच कराई जा सके।
लाखों रुपये का तैयार माल और कच्चा माल सीज
कार्रवाई के दौरान 52 गत्तों में रखा 780 लीटर तैयार प्रोपराइटरी एडिबल फैट सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2,57,400 रुपये है। इसके अलावा निर्माण में प्रयुक्त 150 किलोग्राम वनस्पति और 133 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल भी सीज किया गया।
जूही में भी हुई कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने जूही के साकेत नगर स्थित एम/एस सताक्षी ट्रेडर्स पर कार्रवाई करते हुए रिफाइंड मूंगफली तेल के 108 गत्ते सीज किए। इन गत्तों में कुल 2,496 बोतलें थीं, जिनकी अनुमानित कीमत 2,88,000 रुपये बताई गई है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) संजय प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों स्थानों से कुल 5,88,221 रुपये मूल्य के खाद्य पदार्थ एवं कच्चे माल को सीज किया गया है। संग्रहित नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
