यूपी राज्यसभा चुनाव: BJP के 8 उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन, विधान भवन पहुंचकर भरा पर्चा

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सभी आठ उम्मीदवारों ने मंगलवार को लखनऊ स्थित विधान भवन में अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कौन-कौन हैं BJP के आठ उम्मीदवार?

भाजपा ने सोमवार को उत्तर प्रदेश की राज्यसभा सीटों के लिए अपने आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। भाजपा की सूची में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह के अलावा पार्टी संगठन से जुड़े कई नेताओं को जगह मिली है। प्रकाश पाल भाजपा के प्रदेश OBC मोर्चा के अध्यक्ष हैं। प्रियंका सिंह रावत बाराबंकी से पूर्व सांसद और प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष हैं। वहीं विद्यासागर सोनकर पूर्व सांसद रह चुके हैं। राधाकांत ओझा पेशे से अधिवक्ता हैं, जबकि राम प्रताप सिंह चौहान भाजपा के प्रदेश महासचिव हैं। गोपी कृष्ण पांडेय और श्रुति गंगवार भी पार्टी की सूची में शामिल हैं।

16 अक्टूबर को मतदान

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। इसके बाद 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 16 अक्टूबर को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *