नियुक्ति पत्र कार्यक्रम में CM योगी का तंज, बोले- गिनती नहीं आती तो शिवपाल जी के सानिध्य में बैठ जाइए

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में नियुक्ति पत्र वितरण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में सरकार की ओर से दिए गए नियुक्ति पत्रों के आंकड़े गिनाए। इसी दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेताओं पर तंज कसते हुए शिवपाल यादव का जिक्र किया। सीएम योगी ने कहा कि अगर गिनती नहीं आती हो तो शिवपाल जी के सानिध्य में बैठ जाइए, वह बहुत अच्छी गिनती सिखा देंगे।

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 3,567 प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों, प्रवक्ताओं और सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक सप्ताह में 5,297 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में करीब 9.5 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं।

‘हम देते जाएंगे, आप गिनते जाइए’

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नियुक्ति पत्र वितरण का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। इसी संदर्भ में उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार नियुक्ति पत्र देती जाएगी और विपक्ष को उन्हें गिनते रहना चाहिए।

सीएम ने अपने संबोधन में कहा, “हम देते जाएंगे, आप गिनते जाइए। हो सकता है गिनती नहीं आती होगी तो कभी-कभी शिवपाल जी के सानिध्य में बैठ जाइए, वह बहुत अच्छी गिनती सिखा देंगे।”

एक सप्ताह में 5,297 नियुक्ति पत्र

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि मंगलवार को 3,567 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। इससे पहले भी हाल के दिनों में नियुक्ति पत्र वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। एक सप्ताह के भीतर कुल 5,297 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। आने वाले समय में सरकारी भर्तियों का सिलसिला जारी रहेगा। नियुक्ति पत्र पाने वाले शिक्षकों से मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में भूमिका निभाने की अपील की।

नियुक्ति के बाद पैसे मांगे तो कार्रवाई की चेतावनी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने शिक्षकों की ज्वाइनिंग को लेकर भी सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता या शिक्षक से नियुक्ति अथवा तैनाती के लिए पैसे मांगे जाने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *